कैमोर – भाटिया मोहल्ला दुर्गा चौक दुर्गा उत्सव समिति द्वारा स्थापित मां शारदा की प्रतिमा का भव्य विसर्जन जुलूस शनिवार 28 मार्च को श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाला गया। पिछले 18 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के तहत निकले जुलूस में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
विसर्जन जुलूस भाटिया मोहल्ला से प्रारंभ होकर एवरेस्ट, पेट्रोल पंप मार्ग होते हुए पुनः भाटिया मोहल्ला की ओर बढ़ा। पूरे मार्ग में श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते हुए मां शारदा के जयकारे लगाते नजर आए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
जुलूस का मुख्य आकर्षण राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां रहीं, जिन्होंने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। सुंदर सजी-धजी झांकियां ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस में शामिल हुईं और लोगों ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया।
इस जुलूस में गोलीकांड में अपनी जान गंवाने वाले नीलेश रजक की तस्वीर भी एक वाहन में प्रमुख रूप से लगाई गई। समिति द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई, क्योंकि इस आयोजन की शुरुआत पूर्व में नीलेश रजक के प्रयासों से ही हुई थी।
वहीं इस भव्य जुलूस के दौरान कई मुस्लिम कमेटियों द्वारा भी जगह-जगह पानी, शरबत आदि की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं की सेवा कर उन्होंने आपसी भाईचारे और कौमी एकता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्य, नगर के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट