
कटनी – आगामी रामनवमी पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा शनिवार को कटनी शहर के शोभायात्रा मार्ग का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था पूर्णतः चाक-चौबंद रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि शोभायात्रा के दौरान आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन कैमरों से सतत निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही शोभायात्रा मार्ग के प्रत्येक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
संदिग्ध स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता
एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि संभावित संवेदनशील एवं संदिग्ध स्थानों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। साथ ही शोभायात्रा मार्ग के आसपास स्थित भवनों की छतों पर भी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी प्रकार की बाधा या अव्यवस्था उत्पन्न न हो।