राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी जिले के विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब ₹85,000 मूल्य के मोबाइल फोन एवं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया तथा एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रीतेश शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28-29 मार्च 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने विजयराघवगढ़ मेन रोड स्थित के.जी.एन. मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखे 18 मोबाइल फोन और ₹15,000 नकद चोरी कर लिए थे। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम धवैया (गुड़गड़ौहा) थाना कैमोर निवासी महाबीर बर्मन को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों रहीश खान और अली उर्फ बाबू खान के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल से रात करीब 2 बजे दुकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने मुख्य आरोपी महाबीर बर्मन के कब्जे से चोरी गए सभी मोबाइल फोन बरामद कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी बरही, रीवा सहित अन्य जिलों में योजनाबद्ध तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रीतेश शर्मा, सउनि जगदीश पाण्डेय, आरक्षक पप्पू प्रजापति, अंजनी झा, चालक मज्जू कोल एवं मुखबिर की अहम भूमिका रही।