दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली हिराचक-पोलवा गांव में मंगलवार देर रात को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। लगभग 18 वर्षीय किशोर देवानंद पांडेय का शव उसके घर में फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। मरने से पहले उसने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को बताया।
मिली जानकारी के अनुसार देवानंद आनंद कुमार पांडेय का पुत्र था और पोलवा स्थित मॉडर्न आईटीआई में छात्र था। मंगलवार रात वह घर पर अकेला था। उसके पिता किसी काम से दूसरे गांव गए थे, मां आशा कार्यकर्ता होने के नाते बाहर थीं, जबकि बड़ा भाई पत्नी को लेकर ससुराल गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात कारणों से देवानंद ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
रात में जब मां घर लौटीं तो अंधेरे में लाइट जलाते ही बेटे को फंदे पर लटका देख चीख पड़ीं। शोर सुनकर पड़ोसी और ग्रामीण पहुंचे। सूचना मिलते ही विंढमगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से शव उतारा। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया गया। घटनास्थल से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की गहन जांच की जाएगी।