फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। मत्स्य विभाग ने पुलिस के सहयोग से बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे पर प्रतिबंधित मैगूर मछली से भरा ट्रक पकड़ लिया। हालांकि कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक और तस्कर मौके से फरार हो गए।
बरेली मंडल की उप निदेशक गायत्री पांडेय के नेतृत्व में टीम को सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित मैगूर मछली पश्चिम बंगाल से हरियाणा ले जाई जा रही है। सूचना पर मत्स्य विभाग की टीम ने स्थानीय थाना पुलिस के साथ मिलकर ट्रक का पीछा किया। इस दौरान तस्कर ट्रक को वहगुल नदी के पुल के पास खड़ा कर फरार हो गए।
तलाशी लेने पर ट्रक से करीब 20 से 25 कुंतल प्रतिबंधित मछली बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। सूचना पर नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुंच गए।
मत्स्य विभाग की टीम ने मछली के नमूने लेकर जांच के लिए लखनऊ स्थित लैब भेज दिए हैं। ट्रक को कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा करा दिया गया है।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली