फतेहगंज पश्चिमी। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर कस्बा एवं ग्रामीण अंचलों में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिला। मंदिरों और घरों में पूजा-पाठ, हवन और भजन-कीर्तन के साथ दिनभर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जगह-जगह भंडारे और प्रसाद वितरण से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
कस्बे के ठाकुरद्वारा मंदिर में पंडित प्रवन पाण्डेय के निर्देशन में स्थानीय व्यापारियों द्वारा विधि-विधान से पूजन और हवन कराया गया। सुबह पूजन के बाद यज्ञ में आहुतियां देकर श्रद्धालुओं ने देश और दुनिया की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात प्रसाद वितरण किया गया और शाम तक भंडारे का आयोजन चलता रहा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
दोपहर के समय प्राचीन शनि देव मंदिर के पास भी भंडारे का आयोजन किया गया। साप्ताहिक बाजार में आए आसपास के गांवों के लोग भी भंडारे में शामिल हुए और पूड़ी, सब्जी व हलवे का प्रसाद ग्रहण किया।
रात्रि में करीब 9 बजे केक काटकर और भोग लगाकर हनुमान जन्मोत्सव को उत्साहपूर्वक मनाया गया। पूरे दिन मंदिरों में जय श्रीराम और हनुमान जी के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
इस अवसर पर अमित गोयल, सुनील कुमार गुप्ता, सौरभ पाठक, अमित सिंह, शीलू सिंह, दीपक गोयल, सतीश गुप्ता, गोविंद, राजेश गुप्ता, नितिन गुप्ता, राकेश कश्यप, मनोहर कश्यप, रिंकू गुप्ता, संजीव शर्मा, मुदित प्रताप सिंह, जगदीश गंगवार, प्रेमपाल गंगवार, मयंक गंगवार, गौरव गंगवार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली