राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर चिन्हित ‘शैडो एरिया’ में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इन क्षेत्रों में अपराध-प्रवण एवं एकांत स्थानों को विशेष रूप से चिन्हित कर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है।
अभियान के तहत पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की गहन तलाशी ली जा रही है तथा असामाजिक तत्वों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही होटल, लॉज एवं अन्य ठहराव स्थलों की नियमित जांच कर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने स्वयं कोतवाली थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी एवं माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमकुही पहाड़ी का औचक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस द्वारा चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य अपराधियों में भय का माहौल बनाना और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
कटनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या डायल 100 पर दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।