दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
शनिवार को तहसील परिसर में आयोजित तहसील दिवस के बाद जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संयुक्त रूप से कचहरी परिसर का निरीक्षण किया। अधिवक्ताओं ने कचहरी से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को शिकायती पत्रों के माध्यम से तथा मौखिक रूप से निरीक्षण के दौरान अवगत कराया।
तहसील दिवस पर दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे ने जिलाधिकारी को तीन महत्वपूर्ण मांग पत्र सौंपे। इनमें सिविल न्यायालय परिसर की सुविधाओं को मजबूत करने, तहसील कर्मचारियों की मनमानी रोकने और आरओ प्लांट को पुनः चालू कराने की मांग की गई है।
पहले पत्र में न्यायालय परिसर में वादकारियों व अधिवक्ताओं के लिए दो भव्य भवन (15/80 फीट और 40/70 फीट), चहारदीवारी, सीसीटीवी, शीतल जल संयंत्र, बंदी गृह, एसोसिएशन सभागार की मरम्मत, पार्किंग स्टैंड, पुस्तकालय सुधार तथा प्राचीन कुएं की सफाई जैसे कार्यों का निर्माण कराने का अनुरोध किया गया। अध्यक्ष ने बताया कि टिन शेड में गर्मी, बारिश व ठंड से वकील व वादकारी लंबे समय से परेशान हैं। जर्जर भवनों को मरम्मत कर न्यायालय भवन का निर्माण कराया जाए तथा कर्मचारियों की आवासीय सुविधा के लिए भवन बनाया जाए।
दूसरे पत्र में तहसील कर्मचारियों की मनमानी पर नकेल कसने की मांग उठाई गई। इसमें संपत्ति बंटवारे के बाद तत्काल खतौनी अपडेट, भूमि दलालों पर कार्रवाई, निबंधन कार्यालय में बंधक भूमि के बैनामे पर भ्रष्टाचार रोकना तथा वादकारियों के लिए शीतल जल व्यवस्था शामिल है।
तीसरे पत्र में हिंडाल्को जन सेवा ट्रस्ट के आरओ प्लांट का मुद्दा उठाया गया, जो बिजली बिल न जमा होने से बंद पड़ा है। गर्मी में शुद्ध पानी न मिलने से परेशानी हो रही है, इसलिए ट्रस्ट से बिल जमा कर प्लांट चालू करने की मांग की गई।
एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि जिलाधिकारी इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करेंगे, जिससे न्यायिक कार्य सुगम होगा।
इस अवसर पर दुद्धी बार एसोसिएशन अध्यक्ष कुलभूषण पांडे, रामलोचन तिवारी, जितेंद्र श्रीवास्तव, दिनेश चंद गुप्ता, वरुणोदय जौहरी, महेंद्र जायसवाल, उमेश चंद, दिलीप पांडे, सुखसागर, आशीष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।