दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
स्थानीय तहसील परिसर में आयोजित तहसील दिवस के अवसर पर अपना दल (एस) विधानसभा क्षेत्र (403) दुद्धी के अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने जिलाधिकारी सोनभद्र को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में नमामी गंगे तथा हर घर जल नल योजना के तहत कार्यदायी संस्था द्वारा अभी तक गांवों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध न कराए जाने का मुद्दा उठाया गया है।ज्ञापन में कहा गया है कि दुद्धी विकास खंड के अंतर्गत सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य हर घर में शुद्ध पेयजल पहुंचाना है, लेकिन कार्यदायी संस्था ने गांवों में पाइपलाइन की पूर्ण व्यवस्था अभी तक नहीं की है। न ही बिछाई गई पाइपलाइनों में जलापूर्ति शुरू की गई है। क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति के कारण अधिकांश स्थानों पर जल स्रोतों की कमी है, जिससे आगामी भीषण गर्मी में जनजीवन कष्ट भोगने को मजबूर हो जाएगा।अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने जिलाधिकारी से अपील की है कि गर्मी की समस्या को ध्यान में रखते हुए अवशेष कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए तथा बिछी पाइपलाइनों से पेयजल आपूर्ति प्रारंभ कराई जाए। उन्होंने कहा कि इससे समस्त क्षेत्रवासी लाभान्वित होंगे और उनका आभार व्यक्त करेंगे।तहसील दिवस पर स्थानीय नागरिकों ने अन्य मुद्दों पर भी अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन नमामी गंगे योजना का यह ज्ञापन क्षेत्रीय जल संकट के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।