राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया के प्रथम कटनी आगमन पर विलायत कला ग्राम में पंचायत चलो अभियान के तहत विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकारें युवाओं के भविष्य के साथ छल कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उच्च शिक्षित युवा आज रोजगार के लिए भटकने को मजबूर हैं, जबकि महंगाई ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि युवा कांग्रेस जल्द ही युवाओं के हक और रोजगार के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव दिव्यांशु अंशु मिश्रा ने भी केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि गलत विदेश नीतियों के चलते देश कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में 5000 से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ कटनी में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने कटनी जिले में बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं के पलायन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जिले में बड़े उद्योग होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी राज्यों के लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में कांग्रेस की एकजुटता भी देखने को मिली। बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। अंत में सभी नेताओं ने युवाओं के मुद्दों को लेकर ब्लॉक और जिला स्तर पर बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव विकास दुबे ने किया।