फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 79 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड चंद्रपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, चंद्रपाल सिंह रोज की तरह अपनी ड्यूटी समाप्त कर साइकिल से घर लौट रहे थे। सुबह करीब झुमका चौराहे के पास जैसे ही वह पहुंचे, तभी बिलवा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए भागने की कोशिश कर रहे पिकअप वाहन को पकड़ लिया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि चंद्रपाल सिंह पहले गन्ना मिल में कार्यरत थे। सेवानिवृत्ति के बाद भी वह परिवार के भरण-पोषण के लिए बरेली के परसा खेड़ा स्थित एक ट्रैक्टर गोदाम में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्य कर रहे थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक अपने पीछे पत्नी सावित्री देवी, एक बेटा और एक बेटी को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली