सहारनपुर थाना सदर बाजार क्षेत्र के हसनपुर चुंगी इलाके से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक होमगार्ड जवान ने कथित मानसिक तनाव के चलते जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया।युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हसनपुर निवासी सुरेश शर्मा (28) होमगार्ड विभाग में कार्यरत थे और परिवार का भरण-पोषण इसी नौकरी के माध्यम से कर रहे थे। परिजनों का आरोप है कि लगभग आठ महीने पूर्व, जुलाई माह में उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना और स्पष्ट कारण के सेवा से हटा दिया गया, जिसके बाद से वह लगातार मानसिक तनाव में थे।परिवार का यह भी आरोप है कि दोबारा नौकरी पर बहाली के नाम पर विभाग के कुछ अधिकारियों द्वारा तीन लाख रुपये की मांग की जा रही थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार उक्त राशि देने में असमर्थ रहा, जिससे सुरेश की परेशानी और बढ़ गई। परिजनों के अनुसार, उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिली। बताया जा रहा है कि नौकरी छूटने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत खराब हो गई और उन्हें मजदूरी तक करनी पड़ी। सुरेश की मां सुदेश देवी ने बताया कि उनका बेटा पिछले कुछ समय से अत्यधिक तनाव में था और निराशाजनक बातें करता था। घटना के दिन भी वह परेशान था और अचानक जहरीला पदार्थ खा लिया।वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़