सहारनपुर। अप्रैल माह में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन) के तहत तीन महीने का राशन एक साथ दिए जाने की खबरें पूरी तरह अफवाह हैं। विभागीय अधिकारियों ने इसे भ्रामक बताते हुए स्पष्ट किया है कि इस तरह की कोई योजना लागू नहीं की गई है। दरअसल, केंद्र सरकार के निर्देश पर भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) को जून माह से पहले गोदाम खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत राशन के शीघ्र वितरण की प्रक्रिया तेज की जा रही है। लेकिन सोशल मीडिया और कुछ अन्य माध्यमों पर यह गलत सूचना फैल रही है कि उपभोक्ताओं को तीन माह का राशन एक साथ दिया जाएगा, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। इस संबंध में जिला पूर्ति कार्यालय के एआरओ अवनीष कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया कि तीन महीने का राशन एक साथ देने की बात पूरी तरह निराधार है।उन्होंने बताया कि अप्रैल माह में मई और मई तक जून माह का राशन समय से वितरित किया जाएगा, जबकि जून माह में राशन वितरण नहीं होगा। उन्होंने यह भी बताया कि एफसीआई गोदामों को खाली करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है, ताकि नए अनाज की खरीद कर उसे सुरक्षित रूप से गोदामों में रखा जा सके। विभाग ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़