राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी – जिले में अवैध रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा तीसरे दिन भी सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल के नेतृत्व में यह कार्रवाई कटनी-उमरिया मार्ग और कैमोर रोड पर की गई, जहां टीम ने अचानक दबिश देकर वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान करीब 45 वाहनों की बारीकी से जांच की गई। जांच में दस्तावेजों की वैधता, फिटनेस, परमिट, ओवरलोडिंग और यात्री सुरक्षा मानकों पर विशेष फोकस किया गया। इस दौरान 9 वाहनों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए जब्ती की गई।
जांच में 5 ट्रकों में जरूरी दस्तावेजों की कमी और नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिन्हें कैमोर थाने में सुरक्षित खड़ा कराया गया। वहीं 2 ट्रक ओवरलोड पाए गए, जिन पर भी कार्रवाई करते हुए जब्त किया गया। इसके अलावा 2 यात्री बसें बिना वैध परमिट के संचालित होती मिलीं, जिन्हें यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुठला थाने में जब्त किया गया।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध परिवहन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने वाहन संचालकों को सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखने और नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही बताया कि ओवरलोडिंग और बिना परमिट संचालन के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
इस अभियान में परिवहन विभाग के साथ स्थानीय पुलिस का भी सहयोग रहा। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि इस तरह की संयुक्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।