राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में मानवता और समाज सेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है, जहां मृत्यु के बाद भी समाज के हित में योगदान देने वाली स्वर्गीय श्रीमती कलाबाई कुशवाहा को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 04 शिवनगर निवासी स्व. कलाबाई कुशवाहा (पति श्री कोदूलाल कुशवाहा) के निधन के पश्चात उनकी पूर्व इच्छा का सम्मान करते हुए परिजनों ने उनकी पार्थिव देह का दान मेडिकल कॉलेज जबलपुर को कर दिया। यह देह चिकित्सा छात्रों के अध्ययन एवं शोध कार्य में उपयोग की जाएगी।
गुरुवार 09 अप्रैल 2026 को जिला चिकित्सालय कटनी से पार्थिव देह को पूरे सम्मान के साथ रवाना किया गया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित अधिकारियों एवं नागरिकों ने भी इस महान कार्य को नमन किया।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा देहदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से देहदानियों को राजकीय सम्मान देने की पहल की गई है। इस पहल के माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ ऐसे महान कार्य करने वाले व्यक्तियों के प्रति सम्मान प्रकट किया जा रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, मेडिकल शिक्षा में देहदान का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान होता है। दान की गई देह मेडिकल छात्रों के लिए “पहला गुरु” होती है, जिसके माध्यम से वे मानव शरीर की संरचना और जटिलताओं को समझते हैं। यही ज्ञान आगे चलकर अनेक जिंदगियों को बचाने में सहायक बनता है।