राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी, शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कटनी पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी और सख्त कर दी है। पुलिस की इस “तीसरी आंख” के जरिए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरवरी 2026 में सीसीटीवी के माध्यम से 100 ई-चालान जारी किए गए थे, जो मार्च में बढ़कर 180 हो गए। वहीं अप्रैल 2026 में 12 तारीख तक ही 102 ई-चालान जारी किए जा चुके हैं, जिससे साफ है कि नियम तोड़ने वालों पर पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है।
इन मामलों में मुख्य रूप से तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाना, मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग करना और गलत दिशा में वाहन चलाना जैसे उल्लंघन शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन से दूरी बनाए रखें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसों का कारण बन सकती है, जिससे न केवल खुद की बल्कि दूसरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।