हरिकेश मिश्रा इंडियन न्यूज़ टीवी रिपोर्टर
मेजा खास (प्रयागराज)। सड़कों पर बेलगाम दौड़ते वाहन अब राहगीरों के लिए काल साबित होने लगे हैं। सोमवार की शाम मेजा थाना क्षेत्र के मेजा खास में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने खेत से घर लौट रहे बुजुर्ग किसान को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में किसान का पैर और कूल्हा गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गया है। ग्रामीणों ने आरोपी चालक को पकड़कर बाइक पुलिस के हवाले कर दी है।
थाने के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, मेजा खास निवासी दयाशंकर सिंह पटेल सोमवार शाम अपने खेत से काम निपटाकर पैदल घर लौट रहे थे। वह अभी मेजा थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक (संख्या: UP 70 EQ 8568) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग सड़क पर काफी दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए।
कूल्हे और पैर की हड्डी टूटी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल दयाशंकर को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक चोट के कारण उनके कूल्हे और पैर में गंभीर फ्रैक्चर आया है। किसान की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
ग्रामीणों ने घेराबंदी कर बाइक को पकड़ा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक की रफ़्तार इतनी अधिक थी कि चालक संतुलन नहीं खो सका। आरोपी चालक की पहचान राजकुमार गौड़ (निवासी बसहरा) के रूप में हुई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर ही बाइक को कब्जे में लेकर मेजा थाने के सुपुर्द कर दिया है। पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
“सड़क पर चंद मिनटों का रोमांच किसी निर्दोष की पूरी जिंदगी बर्बाद कर सकता है। मेजा की यह घटना रफ़्तार के जुनून का खौफनाक नतीजा है।”