रिपोर्ट सुधीर ठाकुर की रिर्पोट
बलिया जनपद के थाना उभांव में तैनात तत्कालीन निरीक्षक (अपराध) नरेश कुमार मलिक का एक ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल ऑडियो में आवेदिका के आरोपपत्र को जमा कराने के संबंध में आपत्तिजनक बातचीत सामने आई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक बलिया, ओमवीर सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया। इसके बाद आरोपित निरीक्षक नरेश कुमार मलिक को 13 अप्रैल 2026 को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
जांच के दौरान थाना उभांव के प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ला की संलिप्तता के आरोप भी सामने आए, जिसके चलते उन्हें भी 15 अप्रैल 2026 को निलंबित कर दिया गया है।
फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) द्वारा की जा रही है। पुलिस के अनुसार, वादिनी/पीड़िता फिलहाल बाहर गई हुई है, जिससे संपर्क स्थापित करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि पीड़िता से संपर्क होते ही नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उधर, प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निरीक्षक दिनेश कुमार पाठक को थाना उभांव का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।