फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। कस्बे के मोहल्ला नौगमा निवासी एक युवक ने बरेली शहर के रहने वाले एक आरोपी पर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने, पत्नी की एआई के माध्यम से अश्लील फोटो बनाकर वायरल करने की धमकी देने और 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीड़ित अमन, जो कस्बा क्षेत्र में हाईवे स्थित एक होटल में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत है, ने बताया कि थाना इज्जतनगर क्षेत्र की न्यू मांडल कॉलोनी निवासी रोहित सक्सेना ने उक्त होटल किराये पर लिया हुआ था। आरोप है कि पिछले वर्ष रोहित ने अमन के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्र व्यवहार किया और व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक संदेश भी भेजे। इसकी शिकायत अमन ने होटल मालिक से की, जिसके बाद समझाने के बावजूद रोहित के न मानने पर होटल मालिक ने उससे होटल वापस ले लिया।
इस घटना के बाद से आरोपी अमन से रंजिश रखने लगा और फोन पर लगातार अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। आरोप है कि वह एआई के जरिए अमन की पत्नी की अश्लील फोटो तैयार कर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा और 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने लगा। साथ ही खुद को प्रभावशाली बताते हुए एक पुलिस अधिकारी से भी धन उगाही करने का दावा कर पीड़ित को डराता रहा।
पीड़ित की तहरीर पर संज्ञान लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर थाना पुलिस ने मंगलवार देर रात आरोपी रोहित सक्सेना के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी प्रयाग राज सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रवन पाण्डेय जिला संवाददाता, बरेली
इंडियन टीवी न्यूज़