फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के गांव सोरहा में घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ग्राम सोरहा निवासी कदीर ने एसएसपी से शिकायत करते हुए बताया कि थाना सुभाष नगर क्षेत्र के करगैना निवासी उनके सगे साडू मुबारक हुसैन से काफी समय से पारिवारिक मनमुटाव चल रहा है। इसी रंजिश के चलते दो दिन पूर्व मुबारक हुसैन अपने भाई इकरार के साथ उनके घर में जबरन घुस आए और आते ही गाली-गलौज करने लगे।
कदीर के विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद स्थानीय पुलिस को तहरीर देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने मंगलवार को बरेली पहुंचकर एसएसपी से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रवन पाण्डेय जिला संवाददाता, बरेली
इंडियन टीवी न्यूज़