दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
कस्बे के रांची रीवां राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-39 पर अमवार मोड़ के पास एसबीआई बैंक के समीप बुधवार दोपहर करीब एक बजे सड़क हादसा हो गया।परनी गांव से जाबर गांव रिश्तेदारी की शादी में शामिल होने जा रहे तीन रिश्तेदारों की बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई।
घायलों से मिली जानकारी के अनुसार ,सनझरिया देवी (60)पत्नी स्व चत्रगुन निवासी परनी थाना म्योरपुर और कृष्णा 17 पुत्र स्व रमेश निवासी जाबर दुद्धी को उनके रिश्तेदार प्रेम (34)पुत्र परमानंद निवासी भलपहरी थाना बभनी बाइक पर बैठाकर कर जाबर गांव जा रहे थे कि दुद्धी पहुंचने पर सीबीआई बैंक के समीप एक अज्ञात वाहन से टक्कर लगने पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रैक्टर के चपेट में कृष्णा का बायां पैर आ गया और ट्रैक्टर का मध्य पहिया उसके पैर पर चढ़ गया।
कृष्णा के चीखने पर मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर को रोका और चालक को आवाज लगाई, तब जाकर ट्रैक्टर पीछे किया गया। हालांकि, कुछ देर बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे में किशोर कृष्णा को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य दो को मामूली चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस 102 के ईएमटी पंकज कुमार और चालक ने सनझरिया देवी को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया, जबकि अन्य दोनों को निजी साधन से अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने तीनों का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है।घायलों ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है । समाचार लिखे जाने तक इलाज जारी रहा ।