राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर के व्यस्ततम और धार्मिक महत्व वाले घंटाघर क्षेत्र में स्थित हनुमान मंदिर के सामने संचालित शराब दुकान को लेकर विवाद एक बार फिर उग्र हो गया है। बजरंग दल के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और कलेक्ट्रेट कार्यालय के मुख्य द्वार पर चक्काजाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “आबकारी विभाग मुर्दाबाद” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मंदिर के ठीक सामने शराब दुकान संचालित होना धार्मिक भावनाओं को आहत करता है और यह आस्था के केंद्र की गरिमा के खिलाफ है।
बजरंग दल पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि वे लंबे समय से ज्ञापन और शिकायतों के माध्यम से शराब दुकान को हटाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और यातायात व्यवस्था को बहाल कराया। हालांकि चक्काजाम के चलते कुछ समय तक आम नागरिकों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं निकल पाया है। ऐसे में बढ़ते जनआक्रोश के बीच अब सबकी नजरें जिला प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।