पांढुर्णा
क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खोलने वाली एक गंभीर घटना आज ग्राम मोवाड़-बिरोली मार्ग पर सामने आई। लगभग सुबह 11:30 बजे बिरोली निवासी रामदयाल पिता करू परिहार की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और मदद के लिए 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया। लेकिन एंबुलेंस संचालक ने यह कहकर हाथ खड़े कर दिए कि वाहन का टायर पंचर है और एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई जा सकती। साथ ही 112 पर कॉल करने की सलाह दी गई।
हैरानी की बात यह रही कि 112 सेवा भी समय पर मौके पर नहीं पहुंची। ऐसे में घायलों की जान बचाने के लिए परिजनों को मजबूरन निजी वाहन का सहारा लेना पड़ा और घायल रामदयाल को पांढुर्णा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग और आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उनका कहना है कि यदि समय पर एंबुलेंस उपलब्ध होती, तो घायल को और बेहतर व त्वरित इलाज मिल सकता था।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि 108 और 112 जैसी आपात सेवाओं को दुरुस्त किया जाए और इस प्रकार की लापरवाही पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी की जान इस तरह की अव्यवस्था की भेंट न चढ़े।
राजेश चौधरी पांढुर्णा