प्रयागराज (ब्यूरो):
थाना क्षेत्र के टिकरी अकोढ़ा गांव में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान भुवर प्रजापति (45 वर्ष), पुत्र चैतूराम, निवासी टिकरी अकोढ़ा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह परिजनों ने जब कमरे का दरवाजा खोला तो भुवर प्रजापति का शव छत के चुल्ले से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गुरुवार रात मृतक ने शराब के नशे में अपनी पत्नी और बेटियों के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया था। माना जा रहा है कि इसी मानसिक स्थिति में आकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
मृतक अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ जारी है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
प्रदीप दुबे, ब्यूरो चीफ, प्रयागराज