राजेन्द्र धाकड़ नर्मदापुरम
नर्मदापुरम। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) नर्मदापुरम द्वारा शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi के खिलाफ एक अनोखा प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को खिलौने कोरियर के माध्यम से भेजकर उनके बयान पर विरोध जताया।
भाजयुमो मंडल अध्यक्ष सुंदरम अग्रवाल ने बताया कि लोकसभा की कार्यवाही के दौरान राहुल गांधी के भाषण को सभी युवा साथियों ने देखा। इस दौरान राहुल गांधी द्वारा “जब मैं छोटा बच्चा था” जैसे बयान और अपने बचपन से जुड़ी कहानियों का उल्लेख करने पर आपत्ति जताई गई।
युवा मोर्चा ने एक पत्र भी कोरियर के साथ भेजा, जिसमें लिखा गया कि संसद जैसे गंभीर मंच पर इस प्रकार की “बाल्य बुद्धि” का परिचय देना उचित नहीं है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी को देश के गंभीर मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ अपनी बात रखनी चाहिए।
सोशल मीडिया जिला संयोजक गजेंद्र चौहान ने बताया कि राहुल गांधी ने अपने भाषण में एक जादूगर की कहानी सुनाते हुए स्वयं को “आर्टिस्ट” बताया, जिस पर लोकसभा अध्यक्ष Om Birla ने उन्हें विषय पर बोलने की सलाह दी।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इस प्रकार के बयान लोकसभा की गरिमा के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने राहुल गांधी से देश की जनता से माफी मांगने की मांग की।
इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष लोकेश तिवारी, मंडल अध्यक्ष रुपेश राजपूत, गोकुल पटेल, प्रशांत दीक्षित, अमित महालहा, मनीष परदेशी, रहमान खान, दुर्गेश मिश्रा, ऋषभ शुक्ला, कृतिक शिवहरे, सागर संतोरे, जसवीर सिंह, केतन बरगले सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।