बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना परिसर के भीतर ही देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक पीआरडी जवान ने दीवान पर शराब के नशे में बंदूक तानकर जान से मारने की धमकी देने और हवाई फायर करने का सनसनीखेज आरोप लगाया। घटना के बाद पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है।
कस्बा निवासी पीआरडी जवान उमाशंकर गुप्ता के अनुसार शुक्रवार रात वह थाने में ड्यूटी पर तैनात थे। करीब साढ़े 9 बजे मुंशी अरुण कुमार वंशल ने उन्हें एक पीड़ित का मेडिकल कराने के लिए भेजा। मेडिकल से लौटने के बाद वह पुनः थाना परिसर में ड्यूटी करने लगे। आरोप है कि रात करीब साढ़े 12 बजे दीवान अचानक बंदूक और पिस्टल लेकर पहुंचे और बिना किसी बात के अभद्रता शुरू कर दी।
पीड़ित का कहना है कि विरोध करने पर दीवान ने कथित तौर पर हवाई फायर कर दिया और फिर बंदूक उनकी ओर तानते हुए धमकी दी—“गोली मार दूंगा।” हालात बिगड़ते देख पीआरडी जवान ने भागकर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को काबू में किया, लेकिन इसके बाद भी दीवान गाली-गलौज करते रहे।
जवान ने दावा किया है कि पूरी घटना का वीडियो भी मौजूद है, जिसे जरूरत पड़ने पर पेश किया जाएगा। घटना के बाद उन्होंने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
उधर, थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि दीवान के नशे में होने के कारण दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। फायरिंग और बंदूक तानने की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है, और आरोप सही पाए जाने पर उच्च अधिकारियों को अवगत कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
थाना परिसर में हुई इस घटना ने पुलिस विभाग की कार्यशैली और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली