मऊरानीपुर। रेडिमेट कपड़े के व्यापार में घाटा लग जाने से तनाव के चलते हरपालपुर निवासी नव युवक ने गत बुधवार की दोपहर में घर वालों को सूचित कर धसान नदी के पुल से छलांग दी थी। जिससे उसका शव गुरुवार की सुबह धसान नदी के पुल के नीचे उतराता मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया।

बताया गया की मृतक युवक दो बहनों के साथ इकलौता भाई था। संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पंचायत नामा भर विच्छेदन के लिए नौगांव मध्य प्रदेश भेज दिया।
परिजनों एवं पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुहल्ला हरिहर रोड़ हरपालपुर, जिला छतरपुर, मध्य प्रदेश निवासी हरसुल रूसिया पुत्र कृष्णा कुमार (20) का शव पहाड़ी बांध स्थित धसान नदी में गुरुवार की सुबह उतराता हुआ मिला। जिससे थाना अलिपुरा मध्य प्रदेश की पुलिस ने बताया की मृतक युवक स्कूटी से बुधवार की दोपहर में हरपालपुर से आकर धसान नदी पर बने पुल पर उसने स्कूटी को खड़ा किया
और नदी में छलांग लगा दी थी। जिससे पूरी घटना झांसी खजुराहो फोरलेन पर बने एक होटल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसकी सूचना बुधवार को ग्राम अलिपुरा से आगे बने टोल टैक्स बैरियर के कमचारियों ने संबंधित थाना प्रभारी को दी। वही मृतक के चाचा विवेक रुसिया ने बताया कि भतीजा हरसुल रेडिमेट कपड़ों की दुकान हरपालपुर के बाजार में किए हुए था जिसमें घाटा लग जाने से वह तनाव में रहने लगा तथा तीन दिन से ठीक ढंग से सोया भी नही था।
बुधवार को स्कूटी लेकर घर से निकाल आया। दोपहर में बहिनों ने उसके मोबाइल पर फ़ोन लगाकर कहा कि भईया भोजन कर जाओ तो उसने जवाब दिया कि में देवरी बांध पर हूं और नदी में कूदकर आत्महत्या कर रहा हूं। जिससे दोनों बहिनों घबरा गई और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे घरवालों को धसान नदी के पुल पर स्कूटी खड़ी दिखाई दी।
जिससे उन्होंने आसपास खोजबीन करते हुए यूपी बार्डर स्थित देवरी पुलिस चौकी तथा एमपी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश की पुलिस ने संयुक्त रूप से तलाश की लेकिन उसका कही पर भी अता पता नही चला जिससे अलिपुरा पुलिस उसकी स्कूटी को साथ ले गयी।
नदी में कूदकर आत्महत्या करने वाले युवक का शव गुरुवार को नदी में उतराता हुआ देखकर मौके पर पहुंची मध्य प्रदेश की पुलिस ने शव को धसान नदी से बाहर निकलवाया और परिजनों को मामले से अवगत कराया। बताते चलें कि मऊरानीपुर तहसील क्षेत्र स्थित देवरी बांध के इस पार उत्तर प्रदेश तथा दूसरी तरफ मध्य प्रदेश की बार्डर सीमा लगी हुई है।