सहारनपुर। शहर में लगाए जा रहे प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को लेकर लोगों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर वरिष्ठ सपा नेता व पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा के नेतृत्व में सर्वदलीय पार्षदों का एक प्रतिनिधिमंडल अधीक्षण अभियंता आर.एस. वर्मा से मिला और अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नगर के अधिकांश क्षेत्रों में लगाए गए प्रीपेड स्मार्ट मीटरों के कारण आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि मात्र 200 से 300 रुपये का बिल होने पर भी मीटर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। वहीं, विद्युत विभाग में संपर्क करने और भुगतान करने के बावजूद एक से दो दिन तक कनेक्शन बहाल नहीं होता। पार्षदों ने यह भी बताया कि जब इस संबंध में निचले स्तर के अधिकारियों से शिकायत की गई, तो उन्होंने उपभोक्ताओं को पहले से 2 से 3 हजार रुपये एडवांस जमा रखने की सलाह दी, जो कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संभव नहीं है। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि तत्काल प्रभाव से प्रीपेड स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर पुनः लगाए जाएं, ताकि जनता को हो रही समस्याओं से राहत मिल सके।
इस पर अधीक्षण अभियंता आर.एस. वर्मा ने आश्वासन दिया कि मामले का जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आईआईटी के इंजीनियरों द्वारा मीटरों की जांच की जा रही है और शीघ्र ही समस्या का स्थायी हल निकाला जाएगा। इस दौरान पार्षद नदीम अंसारी, इमरान सैफी, नितिन जाटव, राजीव अन्नू, फराज अंसारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़