शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी पर अवैध संबंधों का आरोप लगाते हुए अपने छोटे भाई और भाभी के साथ मिलकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पहले मारपीट, फिर उतारा मौत के घाट
दरअसल, यह घटना करैरा थाना क्षेत्र के टीला रोड की है। जानकारी के मुताबिक, 23 वर्षीय नंदनी साहू की शादी करीब 5 साल पहले संदीप साहू से हुई थी और दोनों का एक 4 साल का बेटा भी है। हालांकि, पति को पत्नी के चरित्र पर शक था जिसके चलते अक्सर विवाद होता था।
इसके बाद रविवार रात विवाद इतना बढ़ गया कि संदीप ने पहले नंदनी के साथ जमकर मारपीट की। फिर उसने अपने छोटे भाई और भाभी के साथ मिलकर उसे बेडरूम में ले जाकर गला घोंट दिया।
बेरहमी की हद पार
इस दौरान आरोपियों ने नंदनी का गला तब तक दबाया जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। साथ ही उसके गले और पीठ पर नाखूनों से नोचने के निशान मिले हैं और शरीर पर कई जगह चोट व कट के निशान भी पाए गए। बताया जा रहा है कि गला दबाने के दौरान उसके मुंह से खून भी निकल आया था। वहीं घटना के बाद शव घर के पलंग पर ही पड़ा मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद जांच के दौरान पति संदीप साहू, देवर और देवरानी की भूमिका सामने आई। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
रोहित पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ डबरा