राज्य शासन द्वारा संचालित साप्ताहिक जनसुनवाई के अंतर्गत प्रत्येक मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सुनवाई की जाती है। इसी क्रम में आज कलेक्टर कार्यालय पांढुर्णा के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री ने 48 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जनसुनवाई में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों सहित दूरस्थ अंचलों से आए नागरिकों ने विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों में प्रमुख रूप से भूमि सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, भू-अधिकार पट्टा उपलब्ध कराने, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने, जाति प्रमाण पत्र जारी करने, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाने तथा खसरा-नक्शा दुरुस्ती से संबंधित प्रकरण शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त कई आवेदकों ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याएँ भी प्रस्तुत कीं। इनमें मनोज उइके (सावजपानी, पो. कोढाली) द्वारा वनाधिकार अधिनियम-2006 के तहत कृषि भूमि के स्वामित्व की जांच एवं पट्टा आवंटन, देवकी बघेल (पंढरी) द्वारा विधवा पेंशन, प्रभाकर लिखारे (वार्ड क्रमांक 13, नगर परिषद मोहगांव) द्वारा शौचालय के लिए हितग्राही अंशदान राशि, सरिता वंजारी (धावडीखापा) द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, प्रशांत आष्टीकर (चिचोलीबड) द्वारा भूमि से अवैध कब्जा हटाने, कमला कुमरे (राजोराकला) द्वारा जलाशय डूब प्रभावित भूमि का शेष मुआवजा, बेगम शाह (आजंगांव) द्वारा वृद्धाश्रम संचालन के लिए आर्थिक सहायता, अर्चना धावडे (वाडेगांव) द्वारा पुत्र के सीएम राइज स्कूल पांढुर्णा में कक्षा 11वीं में प्रवेश, नामदेव डाले (सिवनी) द्वारा डोलनाला जलाशय डूब क्षेत्र मुआवजा, मानिकराव सोमकुंवर (मोरगोंदी) द्वारा व्यवसायिक थ्री-फेज विद्युत समस्या, प्रविना (हिवरासेनाडवार) द्वारा संबल योजना का लाभ तथा ज्योतिपाल बोरकर द्वारा हिंदू विवाह अधिनियम 1984 के अंतर्गत पंजीयन से संबंधित आवेदन शामिल रहे।
जनसुनवाई कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा एवं सुश्री नेहा सोनी, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रेक्षा पाठक, जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती बंदू सूर्यवंशी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गई।
राजेश चौधरी पांढुर्णा
इंडियन नैशनल टीवी न्यूज