राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। नगर निगम प्रशासन ने शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, तीव्रता और दक्षता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया। यह प्रशिक्षण बुधवार को निगम के एमआईसी सभाकक्ष में आयोजित किया गया, जो निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण सत्र में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए ई-ऑफिस पोर्टल के माध्यम से फाइलों के ऑनलाइन संचालन, नोटशीट तैयार करने, पत्राचार, दस्तावेजों के डिजिटल संधारण और समय-सीमा में कार्यों के निष्पादन की प्रक्रिया को विस्तार से समझा। साथ ही कागज रहित कार्यालय व्यवस्था को बढ़ावा देने और कार्यों की प्रभावी निगरानी पर विशेष जोर दिया गया।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने स्पष्ट किया कि ई-ऑफिस प्रणाली के पूर्ण क्रियान्वयन से न केवल कार्यों में पारदर्शिता आएगी, बल्कि समय की बचत के साथ कार्यों की गति भी तेज होगी। उन्होंने कहा कि इससे विभागों के बीच समन्वय मजबूत होगा और नागरिकों को सेवाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा।
प्रशिक्षण में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों ने ई-ऑफिस प्रणाली को दैनिक कार्यों में अपनाने का संकल्प लिया, जिससे नगर निगम की कार्यप्रणाली और अधिक सुदृढ़, जवाबदेह एवं प्रभावी बन सके।