पिछोर थाना क्षेत्र के रहने वाले पवन वंशकार और उनका परिवार पिछले 20 दिनों से न्याय की आस में दर-दर भटक रहा है। पीड़ित का आरोप है कि उनके साथ कुछ लोगों ने मारपीट की, जातिगत सूचक गालियां दीं और घटना का वीडियो भी बनाया।
पवन वंशकार ने इस मामले की शिकायत 31 मार्च 2026 को पिछोर थाना पुलिस से की थी। आरोप है कि पुलिस ने आवेदन तो ले लिया, लेकिन आज दिनांक तक आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं की गई। पीड़ित का कहना है कि वह लगातार पुलिस के संपर्क में रहा, लेकिन हर बार उसे टाल दिया गया।
न्याय की तलाश में पवन वंशकार पिछोर से डबरा और वहां से ग्वालियर तक वरिष्ठ अधिकारियों के पास पहुंचा, लेकिन कहीं भी उसकी सुनवाई नहीं हुई।
आखिरकार जनसुनवाई के दौरान वह ग्वालियर कलेक्टर से मिला, जहां उसे फिर से पिछोर थाना भेज दिया गया।
पीड़ित का आरोप है कि जब वह दोबारा थाने पहुंचा तो उसे यह कहकर लौटा दिया गया कि “आज साहब नहीं हैं, कल आना”।
पवन वंशकार अपनी पत्नी और बच्चों के साथ लगातार न्याय के लिए भटक रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर पीड़ित को न्याय कब मिलेगा आरोपी पर कार्रवाई कब होगी?
रोहित पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ डबरा