दुद्धी (सोनभद्र)।(विवेक सिंह)
वर्ष 2026 के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा परिणाम में आदर्श इंटर कॉलेज, महुली के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया, जहां विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।
हाईस्कूल वर्ग में निखिल कुमार ने 600 में 512 अंक (85.3%) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। शशिकांत ने 501 अंक (83.5%) के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि मयंकमणि ने 488 अंक (81.3%) लाकर तृतीय स्थान पर कब्जा जमाया। इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और लगन से विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता को एक बार फिर सिद्ध कर दिया।
इंटरमीडिएट वर्ग में भी सफलता का परचम लहराया गया। शालिनी कुमारी ने 500 में 380 अंक (76%) प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। पायल ने 376 अंक (75.2%) के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया, वहीं प्रतिभा कुमारी ने 367 अंक (73.4%) प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश कुमार कन्नौजिया ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय आगे भी इसी तरह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करता रहेगा।
विद्यालय के प्रबंधक महबूब आलम ने भी सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता पूरे महुली क्षेत्र के लिए गर्व की बात है और आने वाले वर्षों में विद्यालय और भी बेहतर परिणाम देगा।
इस उत्कृष्ट परिणाम से न केवल विद्यालय परिवार बल्कि पूरे महुली क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल व्याप्त है।