राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर हुई अंधी हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने ट्रक चालक की बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष देहरिया एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में स्लीमनाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
घटना का विवरण
10-11 अप्रैल की दरम्यानी रात डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक (MP 20 GA 6242) में एक व्यक्ति खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान मृतक की पहचान इरफान (42 वर्ष), निवासी गढ़ा, जिला जबलपुर के रूप में हुई। एफएसएल टीम द्वारा मौके से साक्ष्य जुटाए गए और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
ऐसे हुआ खुलासा
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 22 अप्रैल को संदिग्ध रोहित कोल (21) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपने साथी अमन चौबे (22) के साथ मिलकर हत्या करना कबूल किया।
आरोपियों ने बताया कि 22 मार्च को वे स्लीमनाबाद-जबलपुर मार्ग स्थित हिलटॉप होटल में शराब पी रहे थे। इसी दौरान मृतक से पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में आकर दोनों ने मारपीट कर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी गिरफ्तार
रोहित कोल (21), निवासी ग्राम बांधी
अमन चौबे (22), निवासी ग्राम बांधी
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में प्रयुक्त वाहन और मृतक का मोबाइल भी जब्त कर लिया गया है। अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी, थाना प्रभारी सुनील कुमार, उप निरीक्षक अनिल यादव सहित पुलिस टीम एवं साइबर सेल के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।