उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ थाना बबेरू और एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने वाले अभियुक्त को मात्र 3 घंटे के अंदर पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार, घटना 24 अप्रैल 2026 की शाम करीब 8:00 बजे की है, जब बबेरू थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को उसके पुराने परिचित पड़ोसी ने अवैध तमंचे से गोली मारकर घायल कर दिया था. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बांदा सहित तमाम पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस अधीक्षक बांदा ने हत्यारे की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया, जिनमें थाना स्थानीय, एसओजी और सर्विलांस टीम शामिल थी.
सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने घेराबंदी शुरू की और मात्र 3 घंटे के अंदर ही अभियुक्त को मुरवल बबेरू रोड पर मुरहा मोड़ के पास घेर लिया. पुलिस को देखकर अभियुक्त ने फायरिंग शुरू कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया.
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान असलम पुत्र सैयद हुसैन, निवासी दूलथोक कस्बा बबेरू के रूप में हुई है. पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं.
अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण पाने के लिए चलाए जा रहे इस अभियान में बबेरू पुलिस और एसओजी की टीम ने बेहतरीन काम किया है. उनके इस साहसी और त्वरित कार्य की पुलिस विभाग सहित आम लोगों ने भी सराहना की है
मंडल ब्यूरो चीफ ताहिर अली बांदा