कैमोर। शासकीय पी. एम. श्री विद्यालय कैमोर में आज छात्र-छात्राओं के लिए साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्षा पलक नमित ग्रोवर मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी पढ़ाई में आने वाली दूरी की समस्या को कम करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य अलका श्रीवास्तव द्वारा अध्यक्षा का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत करने से हुई। इसके पश्चात अध्यक्षा पलक नमित ग्रोवर एवं प्राचार्य अलका श्रीवास्तव द्वारा पात्र छात्र-छात्राओं को साइकिल की चाबियां वितरित की गईं।
प्राचार्य अलका श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि यह साइकिल वितरण शासन की योजना के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसमें कक्षा 6वीं और 9वीं में अध्ययनरत उन विद्यार्थियों को साइकिल दी जाती है, जो आसपास के गांवों से विद्यालय तक लंबी दूरी तय कर पढ़ाई करने आते हैं। इससे उन्हें विद्यालय पहुंचने में सुविधा होगी और शिक्षा के प्रति उनकी रुचि भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद अध्यक्षा ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने और शिक्षा के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं लाभांवित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुआ।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट