राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर पालिक निगम ने एक अहम कदम उठाया है। ट्रांसपोर्ट नगर शिफ्टिंग की प्रक्रिया को तेज करते हुए अब ग्राम पुरैनी स्थित विकसित क्षेत्र में बचे हुए भूखंडों की नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।
निगम प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों से भारी वाहनों का दबाव कम करना है, जिससे यातायात सुगम और सुरक्षित हो सके। ट्रांसपोर्ट नगर के पूर्ण रूप से विकसित होने के बाद परिवहन से जुड़ी सभी गतिविधियां एक ही स्थान पर संचालित होंगी, जिससे शहर में जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और प्रदूषण जैसी समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, योजना के तहत विभिन्न आकार के भूखंडों का वर्गीकरण किया गया है। इसमें 15×30 वर्ग मीटर के 27 भूखंड, 12×15 वर्ग मीटर के 93 भूखंड, 6×15 वर्ग मीटर के 6 भूखंड और 4×6 वर्ग मीटर की 18 दुकानों के भूखंड शामिल हैं। इसके अलावा पेट्रोल पंप, धर्मकांटा और ढाबा जैसी सुविधाओं के लिए भी अलग से भूमि आरक्षित की गई है, ताकि यह क्षेत्र एक पूर्ण विकसित ट्रांसपोर्ट हब बन सके।
निगम द्वारा अपनाई गई ऑनलाइन निविदा प्रक्रिया को पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इच्छुक आवेदक शासकीय पोर्टल www.mptenders.gov.in� के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
निगम प्रशासन ने पात्र आवेदकों से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी करने की अपील की है। अधिकारियों का मानना है कि इस योजना के क्रियान्वयन से न सिर्फ परिवहन व्यवसाय को व्यवस्थित मंच मिलेगा, बल्कि शहर के विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।