राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर चना और मसूर की खरीदी प्रक्रिया लगातार जारी है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान के तहत अब तक जिले के 6 उपार्जन केंद्रों में कुल 354 मीट्रिक टन उपज की खरीदी की जा चुकी है।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, 128 किसानों से 170 मीट्रिक टन चना और 91 किसानों से 184 मीट्रिक टन मसूर का उपार्जन किया गया है। समर्थन मूल्य पर खरीदी की यह प्रक्रिया 28 मई तक जारी रहेगी।
जिले में चना उपार्जन के लिए 4,624 और मसूर के लिए 1,619 किसानों ने पंजीयन कराया है। शासन द्वारा चना का समर्थन मूल्य 5,875 रुपये प्रति क्विंटल और मसूर का 7,000 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
कलेक्टर ने सभी पंजीकृत किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में अपनी उपज का विक्रय सुनिश्चित करें। साथ ही किसानों को उपार्जन केंद्रों पर केवल फेयर एवरेज क्वालिटी (FAQ) की उपज लाने के निर्देश दिए गए हैं।
उपार्जन प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए ई-उपार्जन पोर्टल पर स्लॉट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। किसान स्वयं के मोबाइल, एमपी ऑनलाइन, सीएससी, लोकसेवा केंद्र या इंटरनेट कैफे के माध्यम से स्लॉट बुक कर सकते हैं। हालांकि, अंतिम 10 दिनों में स्लॉट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी, और प्रत्येक स्लॉट की वैधता 7 कार्य दिवस निर्धारित की गई है।
प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलने के साथ ही खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुगमता सुनिश्चित होगी।