राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिला चिकित्सालय में महिला से एंबुलेंस की सफाई कराए जाने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
कलेक्टर के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर ने पूरे मामले की जांच कराई। जांच में वायरल वीडियो की पुष्टि होने के बाद संबंधित कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि एंबुलेंस संचालन से जुड़ी जेएईएस प्रोजेक्ट प्रा. लिमिटेड कंपनी ने अपने दो कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया है। इनमें एंबुलेंस पायलट देवा साहू और ईएमटी मोहित खटीक शामिल हैं।
प्रशासन ने साफ किया है कि इस तरह की लापरवाही और अमानवीय व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।