फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। सड़कों पर उतरी पुलिस की इस सक्रियता से जहां आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ, वहीं असामाजिक तत्वों में खौफ का माहौल नजर आया।
फ्लैग मार्च कस्बे के प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस बल ने पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। अचानक बढ़ी पुलिस की मौजूदगी से बाजारों में हलचल रही और लोग घरों व दुकानों से निकलकर पुलिस की मुस्तैदी को देखते नजर आए।
मार्च में हाल ही में प्रशिक्षण प्राप्त कर थाने में तैनात हुए नए आरक्षियों ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्हें पुलिसिंग के तौर-तरीकों, अनुशासन और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के व्यवहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कदमताल करते हुए नए आरक्षी भी पूरे उत्साह के साथ नजर आए।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने लोगों से संवाद करते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य अपराधियों में भय उत्पन्न करना, आमजन में विश्वास कायम करना और नए आरक्षियों को फील्ड का अनुभव कराना है।
फ्लैग मार्च के बाद कस्बे में सुरक्षा का माहौल और मजबूत हुआ। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे कदमों से जनता में भरोसा बढ़ता है और अपराधियों के हौसले पस्त होते हैं।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली