राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
शहर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने मैदानी स्तर पर सख्ती तेज कर दी है। इसी क्रम में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने मंगलवार देर शाम मुख्य स्टेशन मार्ग का पैदल निरीक्षण कर सफाई, यातायात व्यवस्था और बाजार की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने व्यापारियों से सीधा संवाद करते हुए स्पष्ट किया कि स्वच्छ और व्यवस्थित शहर केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें नागरिकों और व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने “मेरा बाजार-स्वच्छ बाजार” की भावना को अपनाने की अपील की।
सफाई व्यवस्था पर लिया फीडबैक
निगमायुक्त ने दुकानदारों से कचरा संग्रहण और सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। व्यापारियों ने बताया कि क्षेत्र में नियमित सफाई हो रही है और कचरा वाहन दिन में दो बार आते हैं। इस पर निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी व्यापारी कचरा वाहन में ही कचरा दें और सफाई व्यवस्था में सहयोग करें।
गंदगी मिलने पर सख्त निर्देश
राजीव गांधी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में चाय, पान और नाश्ते की दुकानों के सामने गंदगी पाए जाने पर तत्काल सफाई सुधारने, डस्टबिन रखने और नियमित सफाई के निर्देश दिए गए। वहीं शराब दुकान के बाहर फैली गंदगी और खाली बोतलों पर नाराजगी जताते हुए चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
दिलबहार चौक में भोजनालय संचालकों को बर्तन दुकान के अंदर धोने के निर्देश दिए गए, जबकि सब्जी मंडी मोड़, शिवधाम गली और पंचमुखी हनुमान मंदिर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने और निर्धारित सीमा में व्यवसाय संचालन की समझाइश दी गई।
मंदिर क्षेत्र की व्यवस्था सुधारने के निर्देश
पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास भंडारे और प्रसाद वितरण से प्रभावित हो रही यातायात और सफाई व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त ने अधिकारियों को मंदिर समिति से चर्चा कर समाधान निकालने के निर्देश दिए।
नाली मरम्मत और कवरिंग पर जोर
मुख्य स्टेशन मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत और नाली कवरिंग कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश उपयंत्री को दिए गए।
यातायात सुधार के लिए निर्देश
सुगम यातायात व्यवस्था के लिए सेंटर लाइन और कॉर्नर लाइन खींचने, पार्किंग व्यवस्थित करने और नो-पार्किंग जोन में साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।
जनसहभागिता पर जोर
निगमायुक्त ने कहा कि स्वच्छ बाजार न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाता है, बल्कि स्वास्थ्य, व्यापार और यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाता है। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के संबंधित अधिकारी, स्वच्छ भारत मिशन टीम, अतिक्रमण दल और अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।