राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत थाना परिसर के पीछे स्थित DAV पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते स्कूल का कंप्यूटर सेंटर पूरी तरह जलकर राख हो गया।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 10:30 बजे स्कूल परिसर से धुआं उठता देखा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही बस स्टैंड जोन से दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची, वहीं आग की भयावहता को देखते हुए दूसरी फायर ब्रिगेड भी रवाना की गई।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कंप्यूटर लैब सहित स्कूल के कई कमरे आग की चपेट में आ चुके थे। इस हादसे में कंप्यूटर उपकरण, फर्नीचर और महत्वपूर्ण शैक्षणिक रिकॉर्ड पूरी तरह नष्ट हो गए हैं।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्कूल में मौजूद सभी छात्र और स्टाफ सुरक्षित हैं। समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा उपायों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।