दुद्धी (सोनभद्र)।(विवेक सिंह)
ग्राम पंचायत मल्देवा की प्रधान सीता जायसवाल ने ग्राम पंचायतों के कार्यकाल समाप्ति के बाद उत्पन्न होने वाली प्रशासनिक रिक्तता को रोकने के लिए मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन विकासखंड दुद्धी के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) आशुतोष श्रीवास्तव को दिया गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि 26 मई 2026 को प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों का निर्वाचित कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। नई पंचायतों के गठन तक अंतरिम अवधि में विकास कार्य, मजदूरी भुगतान और अन्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
प्रधान सीता जायसवाल ने मांग की है कि कार्यकाल समाप्ति के बाद वर्तमान निर्वाचित प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त किया जाए। उन्हें सीमित वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार दिए जाएं ताकि पूर्व स्वीकृत कार्य बिना रुकावट चलते रहें। नए कार्यों के लिए सक्षम प्राधिकारी की अनुमति अनिवार्य हो।
ज्ञापन में उल्लेख है कि निर्वाचित प्रधान स्थानीय समस्याओं से परिचित होते हैं, जबकि बाहरी व्यवस्था में समन्वय की कमी हो सकती है। राज्य सरकार द्वारा प्रशिक्षित महिला प्रधानों का उपयोग अंतरिम काल में जनहित में आवश्यक है। यह कदम ग्रामीणों को प्रशासनिक असुविधा से बचाएगा।