दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
तेज धूप व बढ़ती गर्मी को देखते हुए दुद्धी न्यायालय के समय में बड़ा बदलाव किया गया है। 1 मई से 30 जून तक दो महीने के लिए कोर्ट सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित होगा। यह फैसला इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश पर लिया गया है।
सोनभद्र की भौगोलिक स्थिति के कारण मई-जून में यहां असहनीय गर्मी पड़ती है, जो न्यायिक कार्यों को प्रभावित करती है। सोनभद्र बार एसोसिएशन और डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त प्रस्ताव पर हाईकोर्ट ने मॉर्निंग कोर्ट चलाने का आदेश दिया। जनपद न्यायाधीश सोनभद्र ने इसका पालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
सिविल बार संघ के सचिव अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि यह बदलाव वकीलों , स्टॉपो और वादकारियों की सुविधा के लिए है। सभी अधिवक्ता समय से उपस्थित होकर न्याय प्रक्रिया को सुगम बनाएं। उन्होंने अपील की कि कोई ढिलाई न बरती जाए ताकि मामलों की सुनवाई निर्बाध चले।
स्थानीय वकील समुदाय ने इस निर्णय का स्वागत किया है, क्योंकि इससे गर्मी में कार्य करने की परेशानी कम होगी।