रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
मुरैना|कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ द्वारा जिले में प्रशासन गांव की ओर अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत कलेक्टर ने शुक्रवार को मुरैना विकासखंड की ग्राम पंचायत पढ़ावली, मितावली और ऐंती में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान बिजली, पेयजल, सड़क, राशन, नामांतरण और भूमि विवाद जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए, जिनके समाधान के लिए कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की। साथ ही उन्होंने सामुदायिक भवन और तालाब निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा भी की।
ग्राम पंचायत मितावली में कलेक्टर ने ग्रामीणों के आवेदनों पर संज्ञान लेते हुए होम स्टे तक पहुंच मार्ग की समस्या को प्राथमिकता दी। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने लगभग आधा किलोमीटर लंबी सीसी सड़क निर्माण के लिए करीब 20 लाख रुपये की राशि प्रदान करने की बात कही। इसके अलावा गांव में सुदूर सड़क का भी निरीक्षण किया गया।
ग्राम पंचायत ऐंती में आयोजित चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने लगभग एक किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क के सुधार की आवश्यकता बताई। इस पर कलेक्टर ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को सड़क को शीघ्र बेहतर और सुगम बनाने के निर्देश दिए, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
उन्होंने नल-जल योजना की स्थिति की भी जानकारी ली, जिस पर ग्रामीणों द्वारा योजना प्रारंभ करने की मांग की गई। इस पर कलेक्टर ने पीएचई विभाग को तत्काल योजना शुरू करने के निर्देश दिए।
टोडीपुरा के ग्रामीणों द्वारा कब्रिस्तान की भूमि संबंधी समस्या रखे जाने पर कलेक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तहसीलदार को मौके पर जाकर विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कब्रिस्तान की भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण पाया जाता है, तो उसे शीघ्र हटाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे।इसके साथ ही कलेक्टर ने भरावली में श्मशान घाट की भूमि के समुचित उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर ने वन विभाग को निर्देशित किया कि वहाँ आवश्यक चबूतरे का निर्माण कराया जाए, जिससे ग्रामीणों को अंतिम संस्कार हेतु सम्मानजनक और सुव्यवस्थित सुविधा मिल सके।
भरावली के ग्रामीणों ने 1910 में निर्मित पुराने तालाब की टूटी हुई दीवार की मरम्मत की मांग भी रखी। इस पर कलेक्टर ने सिंचाई विभाग को तत्काल स्टीमेट तैयार कर मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू करने तथा शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, ऐंती निवासी एक ग्रामीण द्वारा विद्युत लाइन के लटकते तारों की शिकायत पर कलेक्टर ने मौके पर ही विद्युत विभाग को लाइन दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं एक दिव्यांग बालिका के प्रमाण पत्र संबंधी आवेदन पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को नियमानुसार शीघ्र प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए ।
कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है और इसके लिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, ताकि लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।