फतेहगंज पश्चिमी (संवाददाता)। थाना क्षेत्र के ग्राम पनवड़िया में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पनवड़िया निवासी विमलेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे उसके पति देवेंद्र खेत पर अकेले काम कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही लक्ष्मण, उसका बेटा कपिल और भाई देवदत्त वहां पहुंच गए। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते तीनों ने देवेंद्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने देवेंद्र को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में देवेंद्र के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। आरोप है कि हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली