राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।पुलिस विभाग में वर्षों तक समर्पण और निष्ठा के साथ सेवा देने वाले चार अधिकारियों को गुरुवार को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। सेवानिवृत्ति के इस अवसर पर आयोजित समारोह में विभागीय अधिकारियों ने उनके योगदान को याद करते हुए भावभीनी शुभकामनाएं दीं।
सेवा-निवृत्त होने वाले अधिकारियों में उप पुलिस अधीक्षक मोहिनी परस्ते (थाना अजाक), कार्यवाहक उप निरीक्षक धनंजय पांडे (थाना बहोरीबंद), कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक रमेश शरण मिश्रा (थाना कोतवाली) एवं कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक मनसुख लाल (थाना कुठला) शामिल रहे। चारों अधिकारियों ने अधिवार्षिकीय आयु पूर्ण करते हुए पुलिस सेवा से विदाई ली।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया एवं डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा ने शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सभी अधिकारियों को सम्मानित किया। इस दौरान उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए परिजनों से भी आत्मीय संवाद किया गया।
डीएसपी रत्नेश मिश्रा ने अपने संबोधन में सेवानिवृत्त अधिकारियों को आगामी जीवन में सक्रिय और स्वस्थ रहने की सलाह देते हुए साइबर अपराधों से सतर्क रहने की समझाइश भी दी। वहीं थाना प्रभारी कुठला राजेंद्र मिश्रा, माधव नगर संजय दुबे एवं बहोरीबंद विजय विश्वकर्मा ने अपने वक्तव्य में अधिकारियों के सेवा काल के उत्कृष्ट कार्यों और अनुशासन, निष्ठा व कर्तव्यपरायणता की सराहना की।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत, सूबेदार अंजू लकड़ा सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का समस्त स्टाफ, सेवानिवृत्त अधिकारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी ने चारों अधिकारियों की सेवाओं को विभाग के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।