कैमोर – सड़क दुर्घटनाओं में लगातार बढ़ रही मौतों को देखते हुए पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में हेलमेट उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज 30 अप्रैल को कैमोर पुलिस द्वारा एक हेलमेट जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
यह रैली कैमोर थाना परिसर से प्रारंभ होकर बस स्टैंड होते हुए खलवारा बाज़ार तक निकाली गई और पुनः अपने समापन स्थल पर पहुंची।
रैली के दौरान लाउडस्पीकर के माध्यम से आम नागरिकों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही पुलिस द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि नियमों का पालन न करने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में कैमोर थाना प्रभारी आशीष शर्मा, सब-इंस्पेक्टर दिनेश करोशिया, विनोद दहिया एवं लेखपाल सिंह परिहार सहित समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। साथ ही नगर के पत्रकारों में गुलशन चक्रवर्ती, राजेश सिंघाई, सुमित आर्या एवं श्याम कुमार गुप्ता ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, ताकि दुर्घटना की स्थिति में जान-माल की हानि से बचा जा सके।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट।