राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिला कांग्रेस कार्यालय आस्था प्लाजा, कटनी में आज जिला प्रभारी मनु मिश्रा के मुख्य आतिथ्य में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला समन्वय समिति, पार्षद दल, जिला शहर कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक अध्यक्षों एवं मंडलम अध्यक्षों के साथ विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक में जिला प्रभारी मनु मिश्रा ने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने आगामी राजनीतिक रणनीति को मजबूती से लागू करने के निर्देश देते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत करने के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर नए गठन, मंडलम कमेटियों के सशक्तिकरण तथा बीएलए-2 की सक्रियता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही वरिष्ठ नेताओं को विभिन्न क्षेत्रों में जिम्मेदारियां सौंपते हुए जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने के निर्देश दिए।
बैठक के उपरांत मनु मिश्रा ने पत्रकारों से सौजन्य भेंट कर संगठन की गतिविधियों और आगामी योजनाओं पर चर्चा की।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और पार्टी की रीति-नीति को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है और आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जनता के बीच खड़ी रहेगी।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी मनु मिश्रा, शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला, ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह, विधानसभा प्रभारी श्री राजेश चौबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।