फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। फतेहगंज पश्चिमी कस्बे के उड़ान ग्लोबल स्कूल में प्रथम उड़ान ग्लोबल इंटर-स्कूल वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन डॉ. सौरभ गंगवार द्वारा किया गया, जबकि स्कूल के चेयरपर्सन रिजवान अली अंसारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन जूनियर बालिका वर्ग में सोहनी पब्लिक स्कूल और ब्लू बर्ड स्कूल के बीच खेले गए मुकाबले में ब्लू बर्ड स्कूल ने 2-0 से जीत दर्ज की। वहीं दूसरे मैच में विद्या वर्ड स्कूल और पद्मावती एकेडमी के बीच हुए कड़े मुकाबले में पद्मावती एकेडमी ने 2-1 से विजय हासिल की।
बालक वर्ग में भी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। पहले मैच में ब्लू बर्ड स्कूल ने विद्या वर्ड स्कूल को 2-0 से पराजित किया। दूसरे मैच में सोहनी पब्लिक स्कूल ने पद्मावती एकेडमी को 2-0 से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। तीसरे मुकाबले में रोहिलास स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्लू बर्ड स्कूल को 2-0 से शिकस्त दी।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले कल खेले जाएंगे, जिनमें विजेता टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।
इस अवसर पर चेयरपर्सन रिजवान अली अंसारी, डायरेक्टर अमित कुमार कौशिक, एकेडमिक डायरेक्टर सुमित शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षकगण और खेलप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का आयोजन खेल भावना को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली